गदरपुर। अतिक्रमण के मुद्दे पर नगर की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अरोरा ने विधायक अरविंद पांडेय को दिए गए अतिक्रमण नोटिस के मामले में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।प्रेसवार्ता में सिद्धार्थ अरोरा ने कहा कि प्रशासन ने विधायक को अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मामला आपसी मिलीभगत का प्रतीत होता है और इसमें राजनीति की जा रही है। अरोरा ने कहा कि यदि प्रशासन कार्रवाई करने में सक्षम नहीं है तो कांग्रेस स्वयं सहयोग को तैयार है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या जनप्रतिनिधियों के लिए कानून अलग और आम जनता के लिए अलग है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन शीघ्र अतिक्रमण हटाकर निष्पक्षता साबित करे। मामले को लेकर नगर की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संवाद

