RAIPUR NEWS / रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के थाना खरोरा में हुए चर्चित किशोर सारथी हत्या मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार वाहन भी जब्त कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को ग्राम खसेरा निवासी भागवत सारथी ने थाना खरोरा में सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी (27 वर्ष) का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद मामला हत्या का पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच तेज की गई।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी से पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि उसका लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद से परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
योजना के तहत 27 फरवरी की रात पत्नी ने अपने पति को बहन को लाने के बहाने घर से बाहर भेजा। पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने खरोरा-रायपुर रोड पर मोटरसाइकिल सवार किशोर को टक्कर मारी और उसकी हत्या कर दी। बाद में इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।
हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई खरोरा पुलिस की तत्परता और प्रभावी जांच का उदाहरण मानी जा रही है।
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
Balrampur News :: पिटाई से एक ग्रामीण की मौत, मारपीट के आरोप मे SDM समेत चार लोग हिरासत मे
कोरबा: पसान के बालमपुर में तालाब किनारे अज्ञात महिला का शव मिला, पहचान में जुटी पुलिस

