भवानीपुर से ममता बनर्जी का नामांकन, पैदल मार्च कर पहुंचीं सर्वे बिल्डिंग; भाजपा को दी सीधी चुनौती

IMG-20230522-WA0021
previous arrow
next arrow
CG City News

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को अपनी परंपरागत भवानीपुर विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में औपचारिक रूप से उतरने का ऐलान कर दिया। इस दौरान उन्होंने कालीघाट स्थित अपने आवास से पैदल मार्च करते हुए गोपालनगर स्थित सरकारी सर्वे बिल्डिंग तक पहुंचकर नामांकन भरा। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बंगाल को निशाना बनाया है, लेकिन अब तृणमूल कांग्रेस दिल्ली को टारगेट करेगी। उनके इस बयान को आगामी चुनावी मुकाबले में सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

भवानीपुर सीट इस बार भी हाई-प्रोफाइल बनी हुई है, जहां ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी से है। सुवेंदु अधिकारी पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं। इस सीट पर मतदान 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण में होना है।

ममता बनर्जी ने भवानीपुर से अपने गहरे जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा, “मैं 365 दिन भवानीपुर में रहती हूं। मेरा धर्म और कर्म यहीं है।” उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस को समर्थन देगी और राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी।

इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए। ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए हैं, जिससे लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ है। उन्होंने दावा किया कि उनके सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद कई नाम सूची में दोबारा जोड़े गए।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी चौथी बार भवानीपुर से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने 2011 और 2016 में इस सीट से जीत हासिल की थी। हालांकि 2021 के विधानसभा चुनाव में वह नंदीग्राम सीट से उतरी थीं, जहां उन्हें सुवेंदु अधिकारी से करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। बाद में उसी साल हुए उपचुनाव में भवानीपुर से जीतकर उन्होंने विधानसभा में वापसी की और मुख्यमंत्री पद बरकरार रखा।

अब एक बार फिर भवानीपुर सीट पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां ममता बनर्जी अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत बनाए रखने के इरादे से मैदान में हैं।


CG City News

Related Articles

[td_block_social_counter facebook="tagdiv" twitter="tagdivofficial" youtube="tagdiv" style="style8 td-social-boxed td-social-font-icons" tdc_css="eyJhbGwiOnsibWFyZ2luLWJvdHRvbSI6IjM4IiwiZGlzcGxheSI6IiJ9LCJwb3J0cmFpdCI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzAiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBvcnRyYWl0X21heF93aWR0aCI6MTAxOCwicG9ydHJhaXRfbWluX3dpZHRoIjo3Njh9" custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_8" f_header_font_family="712" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_weight="500" f_header_font_size="17" border_color="#dd3333"]

Latest Articles