‘TMC की निर्मम सरकार में सिर्फ घुसपैठियों की फैक्ट्री फली-फुली है’, बंगाल की रैली में बोले पीएम मोदी

IMG-20230522-WA0021
previous arrow
next arrow
CG City News

प्रधानमंत्री मोदी ने हल्दिया रैली में टीएमसी पर बंगाल के उद्योग को बर्बाद करने और घुसपैठियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को टीएमसी पर बंगाल में बीते 15 वर्षों के शासनकाल में उद्योग को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्मम सरकार में सिर्फ और सिर्फ यहां घुसपैठियों की ‘फैक्ट्री’ फली-फुली है।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया (औद्योगिक नगरी) में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि टीएमसी की निर्मम सरकार में सिर्फ घुसपैठियों के लिए फर्जी दस्तावेज बनाना और मवेशियों की तस्करी जैसे कामों का विकास हुआ है। मोदी ने कहा कि ये इसलिए हुआ क्योंकि टीएससी की राजनीति भय पर आधारित है। उनकी राजनीति का एक ही केंद्र है भय।

‘विकास के पैमाने को नीचे लेकर आई टीएमसी’

मोदी ने कहा कि भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है, लेकिन टीएससी बंगाल को पीछे खींच रही है। जो बंगाल कभी भारत की प्रगति का आधार था, जो बंगाल कभी भारत की मैन्युफैक्चरिंग और व्यापार को मजबूती देता था, उसी बंगाल को टीएमसी ने विकास के पैमानों पर इतना नीचे ला दिया है।

औद्योगिक नगरी हल्दिया का उल्लेख करते हुए कहा कि सदियों पहले भी ऐतिहासिक ताम्रलिप्त एक फलती-फूलती समृद्ध नगरी थी। दुनिया भर के साथ यहां से व्यापार और कारोबार होता था। हल्दिया आधुनिक भारत के बड़े औद्योगिक केंद्रों में से एक था, लेकिन पिछले दशकों में यहां की फैक्ट्रियों में ताले लटक रहे हैं। कभी हल्दिया में लोग काम के लिए आते थे, लेकिन आज यहां के युवा काम की तलाश में लोग अंडमान निकोबार द्वीप और दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।

टीएमसी ने सिर्फ सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया है

मोदी ने कहा कि टीएमसी ने सिर्फ सिंडिकेट का गुंडा-राज चलाया है। जहां कट मनी और कमीशन के बिना कुछ नहीं चलता। फैक्ट्रियां भी सिंडिकेट के गुंडाराज व भय से नहीं, भरोसे से चल सकती हैं और ये भरोसा सिर्फ भाजपा दे सकती है। जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, उन राज्यों का विकास ये भरोसा पैदा करता है कि बंगाल में भी हम ऐसा ही विकास करके दिखाएंगे, और भरोसे के आधार पर करके दिखाएंगे। भय को विदाई देकर रहेंगे। हल्दिया की रैली में 34 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक बार भी नाम नहीं लिया।

टीएमसी ने बंगाल के युवाओं को डबल धोखा दिया है

मोदी ने कहा कि टीएमसी ने बंगाल के युवाओं को डबल धोखा दिया है। यहां प्राइवेट सेक्टर में नौकरियां हैं नहीं और सरकारी भर्तियों को टीएमसी के मंत्री लूट रहे हैं। टीएमसी के भ्रष्टाचारियों ने हजारों युवाओं के, उनके परिवारों के सपनों को कुचल दिया है।

मोदी ने कहा कि टीएमसी अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए, धर्म के आधार पर आरक्षण देने में जुटी है। कोर्ट बार-बार इस साजिश को खारिज करता है। लेकिन तुष्टीकरण की बीमारी ऐसी है कि ये कोर्ट तक को नहीं मानते, संविधान को नहीं मानते…ये (माहिष्य समुदाय) कब से टीएमसी सरकार से अपनी मांग कर रहे हैं, लेकिन टीएमसी, माहिष्य समुदाय की मांग पूरी करने के बजाय बहाने बना रही है। क्योंकि माहिष्य समुदाय टीएमसी का वोट बैंक नहीं है। मैं आज आपको भरोसा देता हूं कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम करेगी। जिसका जो हक है, वो हक उसे दिलाया जाएगा।

‘नंदीग्राम की तरह अब पूरा बंगाल परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है’

मोदी ने कहा कि नंदीग्राम ने पांच साल पहले बदलाव की राह दिखाई थी। अब पूरा बंगाल उसी परिवर्तन के रास्ते पर चल पड़ा है। जो कमाल पांच साल पहले नंदीग्राम ने किया था इस बार वही हाल भवानीपुर में भी और पूरे बंगाल में होने जा रहा है।

मोदी ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव सामान्य चुनाव नहीं है। ये बंगाल के वैभव को फिर से स्थापित करने का चुनाव है। ये विकसित बंगाल की नींव मजबूत करने का चुनाव है। इसका सबसे पहला कदम होगा निर्मम सरकार की विदाई। बंगाल ने इस बार हर विपरित परिस्थिति को पराजित करने का निर्णय कर लिया है। भाजपा का विजय, उत्साह और उमंग में दिखाई देता है। ये परिवर्तन की आंधी है, ये टीएससी की निर्मम सरकार के जाने का एलान है।


CG City News

Related Articles

[td_block_social_counter facebook="tagdiv" twitter="tagdivofficial" youtube="tagdiv" style="style8 td-social-boxed td-social-font-icons" tdc_css="eyJhbGwiOnsibWFyZ2luLWJvdHRvbSI6IjM4IiwiZGlzcGxheSI6IiJ9LCJwb3J0cmFpdCI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzAiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBvcnRyYWl0X21heF93aWR0aCI6MTAxOCwicG9ydHJhaXRfbWluX3dpZHRoIjo3Njh9" custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_8" f_header_font_family="712" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_weight="500" f_header_font_size="17" border_color="#dd3333"]

Latest Articles

error: Content is protected !!