जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर गुरुवार शाम बड़ा हादसा हुआ। नर्मदा नदी में पर्यटकों से भरा क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया। अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 3 महिलाएं शामिल हैं। रेस्क्यू करके 22 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है, जबकि 15 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं।
बरगी सिटी के CSP अंजुल मिश्रा के अनुसार, मध्य प्रदेश पर्यटन के क्रूज में करीब 40 लोग सवार थे। मौसम बिगड़ने के बाद कुछ ही मिनटों में नाव असंतुलित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अंधेरा और तेज हवा राहत कार्य में बाधा डाल रहे हैं। स्थिति अभी भी गंभीर है। लापता लोगों की तलाश जारी है, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
CM मोहन यादव ने जताया दुख
जबलपुर के बरगी बांध में हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा-
“इस दर्दनाक हादसे में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य दे।”
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार यह नाव पर्यटकों को घुमाने के लिए डैम में निकली थी। तभी संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई। हादसे के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कई लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग अभी भी लापता हैं।
जबलपुर हादसे से जुड़ा मौसम
बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के पीछे खराब मौसम अहम वजह माना जा रहा है। यह प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है। तेज तूफान के चलते डैम में ऊंची लहरें उठीं, इसी के चलते क्रूज (नाव) का संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया। रेस्क्यू के दौरान भी मौसम बेहद खराब बना हुआ है।
40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा
हादसे के समय यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही थी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक हवा की रफ्तार अगले कुछ घंटों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा भी हो सकती है।
एसपी कलेक्टर मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही एसपी संपत उपाध्याय और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे हैं। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। हालांकि बड़े टॉर्च का इस्तेमाल करके लोगों की तलाश की जा रही है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि, ‘बरगी डैम में हुए हादसे पर जिला प्रशासन द्वारा तत्परता से सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बचाव कर तेजी से कराया जा रहा है। जिसमें एनडीआरएफ की टीम मौजूद है। अभी तक 15 लोगों को बचाया जा चुका है।’
https://cgcitynews.com/allegation-of-demolition-of-70-year-old-school-theater-with-jcb-complaint-to-chief-minister-and-demand-for-action/