कोरबा, 05 मई 2026/
जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव आज पाली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत इरफ में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। यहाँ उन्होंने कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के साथ सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्टॉलों में पहुँचने वाले प्रत्येक ग्रामीण को योजनाओं की विस्तृत जानकारी अवश्य प्रदान की जाए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव डॉ. रोहित यादव ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसी भी ग्रामीण को योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से हर वर्ष गर्मी के मौसम में शिविर लगाकर जनसमस्याएँ सुनी जाती हैं और उनका त्वरित निराकरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना ही नहीं है, बल्कि विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना भी है। उन्होंने ग्रामीणों से सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविरों का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।

प्रभारी सचिव डॉ. यादव ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री बिजली भुगतान समाधान योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में 12 मार्च से इस योजना की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत 28 लाख परिवारों के लगभग 900 करोड़ रुपये के बकाया बिजली बिल माफ करने का प्रावधान है। इस योजना में वे उपभोक्ता लाभान्वित हो सकते हैं जिनका बिजली बिल अधिक राशि के कारण लंबित है। वे अपना पंजीयन कराकर सरचार्ज माफी प्राप्त कर सकते हैं तथा मूल राशि को किश्तों में जमा करने का विकल्प भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह एक उत्कृष्ट अवसर है और इसका लाभ बिजली कार्यालय, बिल रीडर तथा बिजली एप के माध्यम से आसानी से लिया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को यह भी बताया कि समाधान योजना के तहत उन उपभोक्ताओं को भी सुविधा प्रदान की गई है जिनका बिजली कनेक्शन लंबे समय तक बिल जमा न होने के कारण बंद हो गया था और बकाया राशि अत्यधिक बढ़ गई थी। ऐसे उपभोक्ता योजना का लाभ उठाकर अपना कनेक्शन पुनः चालू करा सकते हैं।


