कोरबा वन मण्डल के मार्गदर्शन में जितेंद्र सारथी ने किया सफल रेस्क्यु
कोरबा // कोरबा जिला अपनी समृद्ध जैव-विविधता और दुर्लभ वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। यहां कई बार ऐसे जीव देखने को मिलते हैं जिनसे आमलोग आश्चर्यचकित रह जाते हैं।
जानकारी के अनुसार इसी कड़ी में जिले के सतरेंगा पर्यटन स्थल मार्ग से लौट रहे कुछ पर्यटको की नजर ग्राम अजगरबहार के पास एक लगभग 10 फीट के किंग कोबरा पर पड़ी, जो रोड पार कर रहा था। पर्यटकों ने तत्काल गाड़ी रोक दी, देखते ही देखते वहा भीड़ इकट्ठा हो गई। तद्पश्चात किंग कोबरा रोड पार न कर के डर से एक किनारे एक छोटी सी झाड़ी में छुप कर बैठ गया, लोगों में देखने की जिज्ञासा से लगातार भीड़ बढ़ने लगी। किंग कोबरा एवं लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने मामले की जानकारी डीएफओ कुमार निशांत को दिया। फिर उनके निर्देशानुसार और एसडीओ आशीष खेलवार एवं सुर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ तुरंत उस स्थान के लिए रवाना हुए। ग्राम पहुंचने के बाद सबसे पहले पर्यटकों एवं ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर किया गया और फिर तय प्रोटोकॉल के तहत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
लगभग आधे घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में किंग कोबरा ने बार-बार फुफकार कर अपना रौद्र रूप दिखाया। सांप के इस व्यवहार को देख पर्यटकों एवं ग्रामीणों की सांसें थम गईं। हालांकि धैर्यपूर्वक और सावधानी से काम करते हुए आखिरकार टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित थैले में डालने में सफलता प्राप्त की। सफल रेस्क्यू के बाद पर्यटकों एवं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।रेस्क्यू के बाद नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया और फिर किंग कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
इस पूरे रेस्क्यु ऑपरेशन सीएफओ अजगबहार लखन लाल आर्मी, बीएफओ उत्तम प्रसाद खूंटे, (सचिव) नोवा नेचर मोइज एहमद, सिद्धांत जैन, भूपेंद्र जगत, बबलू मारवा, किशन चंद्रा, अंजय, अतीप तवर, रितेश गुप्ता, कृष्णा दास,कमलेश राज, देवेंद्र राज, देवमरावी, गौतम कुमार, शुभम, आशीष कंवर सहित बड़ी संख्या में पर्यटक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



