पसान (कोरबा)04/01/26 // कोरबा जिले के अंतिम छोर पर स्थित आदिवासी बहुल क्षेत्र पसान में कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने प्रशासनिक दौरा कर शासन की योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। पसान पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा नवपदस्थ कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद जाखड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कलेक्टर का स्वागत किया।

https://cgcitynews.com
दौरे के दौरान जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़ ने पसान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखते हुए पसान में शासकीय कॉलेज खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि कॉलेज नहीं होने के कारण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे कई विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में ही छूट जाती है।
इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की पदस्थापना, जर्जर सड़कों के सुधार, पेयजल व्यवस्था, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, छात्रावास सुविधा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने दौरे के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हाई स्कूल एवं अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, इलाज व्यवस्था तथा शिक्षा की गुणवत्ता की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम पोड़ी-उपरोड़ा, नायाब तहसीलदार पोड़ी उपरोड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी,तहसीलदार पसान, जनपद सीईओ,जनपद सदस्य, सरपंच, सांसद प्रतिनिधि,पंच, सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर के इस दौरे से पसान क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

