गौरेला–पेंड्रा–मरवाही// जिले के पेंड्रा क्षेत्र से सामने आई अमानवीय और शर्मनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। खोडरी चौकी अंतर्गत ग्राम रानीझाम्प में एक 35 वर्षीय विधवा महिला को कथित प्रेम प्रसंग की सजा देने के नाम पर न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया। अब इस मामले में गौरेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद राठौर के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष महिला से नाराज था। घटना वाले दिन प्रेमी की पत्नी सरोज राठौर, उसका भाई मनोज राठौर और बहन यशोदा राठौर अन्य लोगों के साथ विधवा महिला के घर में घुस गए। आरोप है कि तीनों ने महिला के बाल खींचकर उसके साथ मारपीट की और जबरन उसे घर से बाहर घसीट लिया।
यह खबर भी पढ़े 👇
https://cgcitynews.com/humanity-in-pendra-the-shameful-widow-woman-was-stripped-naked-paraded-around-the-village/
अत्याचार यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए और उसे निर्वस्त्र कर गांव के मुख्य मार्ग से होते हुए काली मंदिर तक घुमाया। इस दौरान पीड़िता के शरीर पर गोबर भी पोता गया और उसे जूतों से पीटा गया। महिला रहम की भीख मांगती रही, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। इस अमानवीय घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर गौरेला पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और बयान दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने सरोज राठौर, मनोज राठौर और यशोदा राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ महिला उत्पीड़न, मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और गंभीर अपमान की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विधवा महिला उत्पीड़न मामला
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


