India vs Pakistan, World Cup 2023: जारी World Cup में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज शनिवार को खेले गए मेगा मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की सीट के लिए अपना दावा और मजबूत कर लिया.

जीत के लिए मिले आसान 192 रन का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत थोड़ा सतर्क रही, लेकिन वापसी करने वाले शुभमन गिल (16) जल्द ही आउट हो गए. विराट कोहली (16) भी थोड़ी देर बाद ही आउट हो गए, तो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया. हालांकि, जीत को लेकर कोई शक नहीं था, लेकिन विराट के आउट होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा (86) और श्रेयस अय्यर (नाबद 53) ने जीत पर औपचारिकता की मुहर लगा दी. खासकर समय गुजरने के साथ कप्तान रोहित और मुखर होते गए. इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए तेज 77 रन जोड़े. रोहित आउट हो गए, तो पाकिस्तानियों का बैंड बजाने की जिम्मेदारी अय्यरे ने संभाल ली. अय्यर ने गीयर शिफ्ट कर लिया. उन्हें केएल राहुल (नाबाद 19 रन ) ने अच्छा सहारा दिया. और इससे भारत ने 30.3 ओवरों में ही पाकिस्तान को बुरी तरह से 7 विकेट से मात देकर करोड़ों भारतीयों को बाग-बाग कर दिया. जसप्रीत बुमराह बने मैन ऑफ द मैच.

