कटघोरा / तुमान /21/04/26// कोरबा जिले के तुमान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लहगाबाहरा में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां अज्ञात मुर्गा सप्लायर द्वारा सड़क किनारे खेत में लगभग 100 से 200 नग बायलर मुर्गों को फेंक दिया गया। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह खुले में मृत या बीमार मुर्गों को फेंकना न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर हाल ही में बिलासपुर के सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन मुर्गों का सही तरीके से निपटान नहीं किया गया, तो यह संक्रमण फैलने का कारण बन सकता है, जिससे इंसानों और अन्य पशु-पक्षियों की जान को खतरा हो सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि यह मुर्गे किसी संक्रमित पोल्ट्री फार्म से लाकर यहां फेंके गए हो सकते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग को तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए और आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।
यह भी पढ़े 👇👇
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
कोरबा में रूंगटा माइंस के खिलाफ आंदोलन तेज, ग्रामीणों ने SECL का सामान लेने से किया इंकार

