कोरबा //अटल डिजिटल सेवा केंद्र कटघोरा के शुरू होने से अब ग्रामीणों को शासकीय एवं बैंकिंग सेवाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी।
जिले में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत झाबर में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल द्वारा रिबन काटकर किया गया। यह सेवा केंद्र क्षमता विकास मद से जिले में स्वीकृत 22 अटल डिजिटल सेवा केंद्रों में पहला पूर्ण होकर प्रारंभ हुआ है।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि ग्रामीणों को बैंकिंग और शासकीय सेवाओं के लिए शहरों की ओर भटकना न पड़े। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए प्रत्येक विकासखंड की 10–10 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
https://cgcitynews.com
उन्होंने बताया कि इन डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से अब ग्रामीणों को जी-राम-जी योजना की राशि निकासी, किसानों को धान खरीदी हेतु एग्रीस्टेक पंजीयन, टोकन कटवाने सहित अनेक महत्वपूर्ण सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे पेंशन योजना, महतारी वंदन योजना और जी-राम-जी योजना की राशि अब ग्रामीण किसी भी दिन अपने गांव के अटल डिजिटल सेवा केंद्र से निकाल सकेंगे।
https://cgcitynews.com/tehsildar-expressed-strictness-of-administration-on-illegal-construction-being-done-in-the-house-of-influential-neeraj-jain/
उन्होंने जानकारी दी कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, पैन कार्ड, श्रमिक कार्ड, बैंकिंग सेवाएं (जमा, निकासी, ट्रांसफर), वोटर कार्ड नया/सुधार, पीएम विश्वकर्मा योजना, बी-1, नक्शा-खसरा एवं विभिन्न ऑनलाइन फॉर्म जैसी अनेक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सुशासन सप्ताह के दौरान विकासखंड स्तरीय शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती के अवसर पर रामायण पाठ किया गया। वहीं नरेंद्र मानस मंडली ग्राम झाबर द्वारा सुंदरकांड पाठ का सुमधुर गायन प्रस्तुत किया गया तथा जय मां गौरी समूह झाबर की महिलाओं ने आकर्षक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर जनपद सीईओ यशपाल सिंह, विधायक प्रतिनिधि नीलेश कुमार साहू, जनपद सदस्य बसंत कंवर, सरपंच झाबर राम सिंह कंवर, मंडल अध्यक्ष दीपका राजू प्रजापति, मंडल उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल, भाजपा नेता मन्नू साईं राठौर, सहायक विकास विस्तार अधिकारी आर.के. शिवालय, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच-उपसरपंच, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत करतला, पाली एवं पोड़ी-उपरोड़ा के ग्राम पंचायतों में भी अटल डिजिटल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया जा चुका है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को नई गति मिल रही है।


