बेंगलुरु में स्टैंड-अप कॉमेडियन शरत उदय का शो टीडीपी समर्थकों ने रोक दिया। दो साल पुराने चुटकुले को लेकर यह विवाद हुआ।
- बेंगलुरु में कॉमेडियन शरत उदय का शो रोका गया
- चंद्रबाबू नायडू पर दो साल पुराने चुटकुलों पर हंगामा
- टीडीपी समर्थकों ने मंच पर माफी मांगने को मजबूर किया
हैदराबाद के स्टैंड अप कॉमेडियन शरत उदय का बेंगलुरु में होने वाला शो अचानक रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को जब उन्होंने शो शुरू किया तो तेलुगु देशम पार्टी (TDP) से जुड़े कुछ लोगों ने बीच में उनको रोक दिया। यह हंगामा उन चुटकुलों को लेकर हुआ जो उन्होंने लगभग दो साल पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू के बारे में सुनाया था।
हालांकि, कॉमेडियन ने दो साल पहले ही अपनी उन टिप्पणियों के लिए माफी मांग ली थी। इसके बाद भी, लोगों के ग्रुप ने उन्हें मंच पर एक बार फिर माफी मांगने के लिए मजबूर किया। कोरमंगला में हुई इस घटना का एक CCTV वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग शो शुरू होते ही मंच पर आकर बात करते हुए नजर आते है। इसके बाद कुछ और लोग नीचे खड़े नजर आते है।
एक्ट शुरू होते ही मंच पर आ गए लोग
उदय के अनुसार, जैसे ही उन्होंने अपना एक्ट शुरू किया, हंगामा भी शुरू हो गया। दर्शकों में से एक व्यक्ति उनके पास आया और खुद को उनका प्रशंसक बताया, लेकिन नायडू पर उनकी पिछली टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। जल्द ही, कुछ और लोग भी उसके साथ शामिल हो गए, और समूह ने उदय को गालियां देना शुरू कर दिया। इसके साथ ही उनको पीटने की धमकी भी दी।
इस समूह ने 2003 में नक्सलियों द्वारा नायडू की हत्या के प्रयास के बारे में उदय की टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए, और उदय को चेतावनी दी कि वे अपने एक्ट में ऐसी सामग्री को दोबारा शामिल न करें। खबरों के अनुसार, उन्होंने उदय को TDP नेताओं के समर्थन में नारे लगाने के लिए मजबूर करने की कोशिश की, लेकिन उदय ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी कॉमेडी में विपक्षी दलों सहित कई राजनीतिक दलों का जिक्र होता है।
पुलिस के आने से पहले भाग निकले सभी
वहीं, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह लोग वहां से भाग गए। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, आंध्र प्रदेश के TDP अध्यक्ष और विधायक पल्ला श्रीनिवास राव ने इस विरोध प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “पार्टी इस तरह के व्यवहार को बढ़ावा नहीं देगी। हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ किसी भी ऐसे विरोध का समर्थन नहीं करेंगे।”
हालांकि, उन्होंने स्टैंड अप कॉमेडियन, कलाकारों, राजनीतिक टिप्पणीकारों और आम लोगों को संवेदनशील मुद्दों पर टिप्पणी करने के प्रति आगाह भी किया। उन्होंने कहा कि जब ये लोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमाएं लांघते हैं, तो उन्हें जनता के गुस्से का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, “उन्हें लगता है कि प्रतिष्ठित हस्तियों पर अभद्र या विवादास्पद टिप्पणियां करके वे रातों-रात शोहरत कमा सकते हैं। लेकिन वे पूरी तरह से गलत हैं।”
शनिवार की यह घटना आंध्र प्रदेश में राजनीतिक व्यंग्य को लेकर कॉमेडियन के विरोध का सामना करने का तीसरा मामला है। इससे पहले, स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुदीप कटिकाला और रफीक मोहम्मद को राज्य के सत्ताधारी गठबंधन के राजनेताओं के खिलाफ टिप्पणियों के लिए अलग-अलग मामलों में आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

