CM Nitish Kumar ने अररिया में 545.88 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने जनसंवाद में कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा, जिसमें केंद्र का भी सहयोग मिल रहा है।
HighLights
- नीतीश कुमार ने अररिया में ₹545.88 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
- मुख्यमंत्री ने कहा, अगले पांच वर्षों में बिहार शीर्ष राज्यों में होगा।
- फारबिसगंज में 150 एकड़ में हवाई अड्डा बनेगा: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा पर अररिया पहुंचे। यहां उन्होंने सरकार की अलग-अलग लगभग 545.88 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और योजना का कार्यारंभ किया।
मुख्य कार्यक्रम स्थल अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए बिहार के अगले पांच वर्षों में विकास की रूपरेखा पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्ष में बिहार देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा। इन वर्षों में सबसे ज्यादा काम होगा। बिहार के विकास में केंद्र का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। एक-एक काम पहले से करते आ रहे हैं। यहां बराबर आते रहे हैं। बिहार का खूब अच्छा होने वाला है। सब तरह से काम हुआ है।
लालू राज की दिलाई याद
CM ने अपने करीब 40 मिनट के संबाेधन में लोगों को बार-बार 2005 के पहले के बिहार का याद दिलाया। संबोधन के अंत में लोगों से खड़ा कर पूछा की बताइये सब अच्छा रहेगा न।
मंचासीन उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री लेसी सिंह और भाजपा विधायक देवंती यादव और विजय कुमार मंडल की तरफ इशारा करते हुए कहा, “इ सब लोग मिलकर काम करेंगे। हथवा उठा के बताओ जरा ठीक है न।”
केंद्र सरकार ने जुलाई 2024 के बजट में बिहार को आर्थिक पैकेज के तहत बड़ी राशि दी। फरवरी 2025 के बजट में बिहार को मखाना बोर्ड, पश्चिमी कोसी नहर की सफाई आदि के लिए पैसे दिए। हम प्रधानमंत्री को नमन करते हैं। वे बिहार में अनेकों जगह गए हैं।
नीतीश ने कहा कि 2025-30 का रोड मैप बनाकर बिहार के विकास के लिए काम हो रहा है। जिसमें केंद्र का भी सहयोग मिल रहा है।
फारबिसगंज में बनेगा हवाई हड्डा
सभा में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अररिया के फारबिसगंज में 150 एकड़ में हवाई अड्डा बनेगा। आज सुपौल के वीरपुर में हवाई अड्डा के लिए टेंडर निकालने का कार्य केंद्र सरकार द्वारा हुआ है।
मुख्यमंत्री हेलिकाप्टर से दिन के लगभग 10.25 मिनट में हड़ियाबाड़ी स्थित न्यू पुलिस लाइन पहुंचे। जहां वे 54 करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक पुलिस लाइन का उद्घाटन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से अररिया आरएस में 29.6 करोड़ की लागत से बने एएनएम प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन और विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इसके अलावा कोसी डेयरी के मिल्क चिलिंग प्लांट नवीकरण का शिलान्यास किया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला अररिया कालेज स्थित स्टेडियम पहुंचा। जहां उन्होंने जनसंवाद को संबाेधित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री लगभग 12.25 मिनट में वहां से किशनगंज के लिए रवाना हो गए।


