कोरबा। जिले के ग्राम धतुरा में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो भारी वाहनों की टक्कर के बाद एक ट्रेलर चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रात लगभग 12 बजे एक ट्रेलर को अज्ञात भारी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हरदीबाजार पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से दीपका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जो कई किलोमीटर तक फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और काफी प्रयास के बाद सड़क को खाली कर यातायात बहाल कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया है। अज्ञात वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना हरदीबाजार पुलिस, डायल 112 टीम और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही, जिनकी मदद से चालक की जान बचाई जा सकी।
यह भी पढ़े 👇👇
lhttps://cgcitynews.com/protest-against-rungta-mines-intensified-in-korba-villagers-refused-to-take-secl-goods/


