कोरबा / जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा ने 8 सितंबर को आदेश जारी किया ,जिसमें जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी व संकुल प्राचार्य को राज्य शासन के निर्देशानुसार पत्र जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी शिक्षक को बिना ठोस कारण के किसी भी अन्य शाला में संलग्न ना किया जाए। इसके बाद भी 12 सितंबर को शासकीय हाई स्कूल घरीपखना, पोड़ी उपरोड़ा के संकुल प्राचार्य गंगा कौशिक ने पायल साहू व कुणाल पाल सिंह सहायक शिक्षक एलबी को प्राथमिक शाला डगनिया, पोड़ी उपरोड़ा से प्राथमिक शाला घरीपखना में संलग्न कर दिया।
इन दोनों शिक्षकों का संलग्नीकरण किए जाने के कारण प्राथमिक शाला डगनिया, एकल शिक्षकीय हो गया है। इसके कारण विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। इस संबंध में अखिल भारतीय सतनामी युवा कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनीराम जांगड़े ने कलेक्टर एवं राज्य शासन को पत्र लिखकर मांग की है कि इस प्रकार के ग्रामीण क्षेत्र के छात्र छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले संकुल प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि शासन प्रशासन के आदेश और निर्देशों का पालन हो। जांगड़े ने जिला शिक्षा अधिकारी जीपी भारद्वाज को भी पत्र लिखकर मांग की कि उच्च अधिकारियों के आदेश और निर्देश को पालन नहीं करने वाले अधिकारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

