कोरबा (25/11/25 )CGCITYNEWS// खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी की तैयारी के बीच सरकार ने किसानों को पंजीयन की तिथि बढ़ाकर बड़ी राहत दी थी, जिसका आज अंतिम दिन है। जिसमें एकीकृत किसान पोर्टल में नवीन पंजीयन, कैरी फारवर्ड और फसल रकबे में संशोधन के लिए समय अतिरिक्त प्रदान किया गया है। यह निर्णय उन सभी किसानों के लिए राहत लेकर आया है, जिनका पंजीयन किसी कारणवश अधूरा रह गया था। जिनके दस्तावेजों में सुधार की आवश्यकता है, वो आज लोक सेवा केंद्र और संबंधित केंद्रो मे जाकर पंजीयन करा सकते हैं। जिन किसानों का पंजीयन किसी कारणवश नहीं हो पाया है, उनके लिए शासन ने सुविधा प्रदान की है। धान खरीदी आरंभ होने के बाद एकीकृत किसान पोर्टल को 31 अक्टूबर को बंद कर दिया गया था, लेकिन पंजीयन में कुछ किसान छूट गए थे, इसको दिखते हुए यह व्यवस्था 19 से 25 नवंबर तक प्रभावी कर दिया गया है। जिसका आज अंतिम दिन है। किसानों को पंजीयन की तिथि बढ़ने से बड़ी राहत और इसका फायदा भी मिला है। इससे विशेष रूप से डूबान क्षेत्र के किसान, वनपट्टाधारी कृषक और शेष पंजीयन से वंचित कृषक लाभान्वित होंगे। गौरतलब है कि बड़ी संख्या में किसान समय से किसी कारणवश पंजीयन नहीं करा पाए थे। इनमें कई ऐसे भी हैं, जिनकी जमीन डूबान क्षेत्र में आती है या जिनके वन पट्टे हाल ही में स्वीकृत हुए हैं। ऐसे किसानों की पात्रता स्पष्ट करने और उन्हें धान बेचने का अवसर देने के लिए पंजीयन अवधि बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की गई और इनके द्वारा पंजीयन की तिथि बढ़ाने की मांग भी की जा रही थी। किसानों की इन समस्या को ध्यान में रखते हुए कृषि विकास व किसान कल्याण विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि तहसील लॉगिन में पोर्टल को अतिरिक्त समय के लिए सक्रिय कर दिया गया है, ताकि राजस्व अमला समयसीमा के भीतर सुधार व नए पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण कर सके। वे इस अवधि में अधिकतम किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करें और किसी भी पात्र किसान को वंचित न होने दें। इसके लिए दो दिनों से लोक सेवा केंद्रों में किसानों की भीड़ देखने को मिल रही है


