कोरबा // मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को कटघोरा विकासखण्ड के अग्रसेन भवन में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। योजनांतर्गत 146 वर-वधू के जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे और सुखमय जीवन का संकल्प लेकर एक नई जिंदगी की शुरूआत की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, एसडीएम रोहित सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व नागरिकगण बड़ी संख्या में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने सभी वर-वधुओं को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।

श्री देवांगन ने कहा कि यह खुशी की बात है कि वर-वधुओं का सामाजिक, धार्मिक रीति-रिवाज का पालन करते हुए सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा रहा है। सभी जोड़ों को अपने माता-पिता, परिवार जन सहित कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न समाज के लोगों, वरिष्ठजनों का शुभ आशीष मिल रहा है। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधकर नव दाम्पत्य जीवन मे प्रवेश करने वाले 146 दम्पतियों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि आप सभी समाज के लिए प्रेरणा बनें व आदर्श जीवन यापन करें। आप सभी के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी आ गई है, जिसका निर्वहन कुशलता पूर्वक करें। उन्होंने अपने बड़े बुजुर्गों का सम्मान करने व घर के सभी सदस्यों का ख्याल रखने नवजोड़ों को प्रेरित किया। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने हेतु प्रतिबद्ध है।


