बिजली कटने पर भी इंटरनेट चालू रखने के लिए राउटर यूपीएस एक बेहतरीन समाधान है। यह डिवाइस पावर कट के दौरान राउटर को बिजली देता है, जिससे आपका वाई-फाई चलता रहता है। यूपीएस खरीदते समय राउटर की पावर रेटिंग और बैटरी क्षमता का ध्यान रखना महत्वपूर्ण है, ताकि आपको पर्याप्त बैकअप मिल सके और डिवाइस सुरक्षित रहे।
इंटरनेट आज हर घर की जरूरत बन चुका है। घर की ग्रॉसरी ऑर्डर करने से लेकर एंटरटेनमेंट या बच्चों की पढ़ाई हर काम के लिए इंटरनेट की जरूरत होती हैं। पहले जैसे हर घर में डीटीएच या केबल कनेक्शन होता था आजकल वैसे ही ब्रॉडबैंड कनेक्शन भी जरूरी हो गया है। अक्सर लाइट जाने पर घर में WiFi बंद हो जाता है। अगर आप भी इस प्रॉब्लम से परेशान हैं तो हम इसके लिए बेस्ट सॉल्यूशन के बारे में बता रहे हैं।
बिजली जाने पर भी चलेगा इंटरनेट
घर में अक्सर लाइट कट हो जाने पर इंटरनेट कनेक्शन बंद हो जाता है। इस समस्या का बेस्ट ऑप्शन – राउटर के लिए यूपीएस है। आजकल ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर राउटर के लिए यूपीएस उपलब्ध हैं। ये यूपीएस पावर कट होने के दौरान राउटर को पावर उपलब्ध करवाते हैं, जिससे आप बिजली न होने पर भी इंटरनेट एक्सेस कर सकते हैं।
कैसे काम करता है ये डिवाइस
राउटर्स के लिए यूपीएस ठीक वैसे ही काम करता है, जैसे हम पहले डेस्कटॉप कंप्यूटर में यूपीएस लगाते थे। सबसे पहले आपको यूपीएस को मेन पावर सॉकेट से कनेक्ट करना होगा। इसके बाद राउटर को पावर के लिए यूपीएस से कनेक्ट करना होगा। जब तक बिजली होगी यह सीधे घर की मेन सप्लाई से चलेगा और पावर कट होने पर यूपीएस में लगी बैटरी से राउटर को पावर सप्लाई होगी। इस तरह पावर कट के दौरान भी आपके घर का वाई-फाई काम करता रहेगा।
UPS खरीदने पर किन बातों का ध्यान रखें
पावर रेटिंग: अगर आप अपने घर पर लगे राउटर के लिए यूपीएस खरीद रहे हैं तो सबसे पहले आपको राउटर के पावर एडेप्टर की पावर रेटिंग – वोल्टेज (V) और एम्पेयर (A) चेक करना है। यहीं पावर रेटिंग यूपीएस के आउटपुट का होना चाहिए। उदाहरण के लिए, 12V 1A राउटर के लिए 12V और 1A यूपीएस की जरूरत होगी।
पावर रेटिंग चेक करना क्यों है जरूरी: अगर आपके राउटर को 12V के पावर की जरूरत है और इसमें 9V यूपीएस का यूज करते हैं तो आपका राउटर खराब हो सकता है। ऐसे में राउटर और यूपीएस की पावर रेटिंग एक जैसी होना बेहद जरूरी है।
यूपीएस की बैटरी: यूपीएस में जितनी बड़ी बैटरी होगी उतना ज्यादा बैकअप आपको मिलेगा। बेहतर पावर बैकअप के लिए कम से कम 5000mAh बैटरी वाले राउटर की जरूरत होगी। इतनी बैटरी वाला राउटर करीब 4 से 5 घंटे तक का बैकअप ऑफर करता है। ऐसे में राउटर के लिए यूपीएस खरीद रहे हैं तो बैटरी जरूर चेक कर लें।