भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को आयकर विभाग से आकलन वर्ष 2023-24 के लिए ₹6338 करोड़ का डिमांड नोटिस मिला है। बैंक ने बताया कि यह मांग पिछले वर्षों के समान विवादों का हिस्सा है और इसका परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
HighLights
- SBI को ₹6338 करोड़ का आयकर डिमांड नोटिस मिला।
- बैंक ने कानूनी कार्रवाई की बात कही, परिचालन पर असर नहीं।
- सोमवार को SBI शेयरों पर नोटिस का प्रभाव दिख सकता है।
भारत के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को इनकम टैक्स विभाग से असेसमेंट वर्ष 2023-24 के लिए 6338 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस मिला है। इसकी जानकारी बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में दी। सोमवार को इसका असर बैंक के शेयरों पर देखने को मिल सकता है।
ब्याज सहित ₹6,338 करोड़ की यह मांग, समीक्षा प्रक्रिया के दौरान मूल्यांकन इकाई द्वारा की गई विभिन्न अस्वीकृतियों के कारण उत्पन्न हुई है। SBI ने साफ किया कि इस मांग का उसके कामकाज या कारोबारी गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बैंक ने यह भी कहा कि वह उचित कानूनी कदम उठाएगा, जिसमें तय समय-सीमा के भीतर संबंधित अपीलीय अधिकारियों के सामने अपील दायर करना भी शामिल है।
बैंक ने कही यह बात
SBI ने बताया कि पिछले वर्षों में भी इसी तरह के टैक्स मामले कोर्ट में चल रहे थे, जिससे यह पता चलता है कि मौजूदा मांग कोई अलग मुद्दा नहीं है, बल्कि यह चल रहे विवादों का ही एक हिस्सा है। चूंकि यह रकम ‘मटेरियलिटी थ्रेशोल्ड’ (महत्व की सीमा) से ज्यादा है, इसलिए बैंक ने इसकी जानकारी अपने स्टेकहोल्डर्स को दी है।
एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया है कि 19 मार्च, 2026 का यह आदेश आयकर अधिनियम की धारा 143(3), 144C(3) और 144B के तहत जारी किया गया है।
शुक्रवार को NSE पर SBI के शेयर 0.9 प्रतिशत बढ़कर 1,058.3 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। इस स्तर पर, SBI के शेयरों में इस साल अब तक 7.5 प्रतिशत की बढ़त हुई है, जो Nifty 50 और Nifty Bank इंडेक्स में हुई 11.6 प्रतिशत और 10.5 प्रतिशत की गिरावट से बेहतर प्रदर्शन है।
यह स्टॉक जो कई अन्य मार्केट इंडिकेटर्स के अलावा इन दोनों इंडेक्स का भी हिस्सा है ने पिछले एक साल में 40.5 प्रतिशत का रिटर्न दिया है, जबकि Nifty 50 में 1.0 प्रतिशत की गिरावट आई है और Nifty Bank में 5.6 प्रतिशत की बढ़त हुई है।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट और एक्सपर्ट की राय पर आधारित है, यह किसी भी तरह से निवेश की सलाह नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

