कोरबा/10/01/26//cgcitynews// कोयला खदान विस्तार के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। ग्राम बीजाडांड में आयोजित महापंचायत जन आंदोलन में विधायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और वन अधिकार प्रदान करने की मांग उठाई।
पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत पुटीपखना, सेन्हा, जलके व तनेरा में प्रस्तावित कोयला खदान को निरस्त करने की मांग तेज हो गई है। जिसे लेकर ग्राम बीजाडांड़ में महापंचायत जन आंदोलन किया गया। विधायक तुलेश्वर मरकाम की मौजूदगी में बड़ी संख्या में संगठन, समर्थक व ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।

गोड़वाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने इस संबंध में राष्ट्रपति को पत्र लिखा है। प्रदर्शन के दौरान मांगपत्र प्रशासन को सौंपा गया। श्री मरकाम ने कहा कि गोड़वाना गणतंत्र पार्टी ब्लाक इकाई पोड़ी उपरोड़ा व विभिन्न सामाजिक संगठन पसान इकाई के द्वारा एक दिवसीय जन आंदोलन आदिवासी महापंचायत आयोजित कर समस्याओं के निराकरण को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
उन्होंने कहा कि कोयला मंत्रालय द्वारा वेस्टिंग ऑर्डर जारी कर विजय सेंट्रल कोल माइंस बीजाडांड़ को रूंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को खनन के लिए अधिग्रहित किया गया है। जिसके विरोध में प्रभावित किसानों व ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपना विरोध जताते हुए शासन प्रशासन को अवगत कराया है, लेकिन प्रशासन द्वारा संज्ञान नहीं लिया गया।



