कोरबा /पसान // छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से कोरबा जा रही जय श्री (राजपूत कंपनी )की यात्री बस क्रमांक CG 10 G 1600 आज सुबह बड़े हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना ग्राम लैंगा के पास हुई, जहां सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और खिड़कियां टूटकर बाहर निकल गईं।
हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। अचानक हुए इस जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 4 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पसान थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी पसान के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर को पकड़ लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कर दिया।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़े 👇👇
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
कोरबा में रूंगटा माइंस के खिलाफ आंदोलन तेज, ग्रामीणों ने SECL का सामान लेने से किया इंकार

