राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुंदर नगर स्थित दशहरा मैदान के पास से 94 शीशी प्रतिबंधित सिरप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 11 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि कुछ युवक प्रतिबंधित सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भानू रजक, अनुराग लिल्हारे और सौरभ पाठक बताए।
तलाशी के दौरान उनके पास रखे थैले से प्रतिबंधित सिरप Glankof-T की 94 शीशियां बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।
तीनों के खिलाफ डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 102/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।