बीजापुर में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में छह माओवादी मारे गए, जिनमें 8 लाख का इनामी डीवीसीएम दिलीप बेड़जा भी शामिल था। कुल 27 लाख के इनामी माओवादियों के शवों के साथ एके-47, इंसास राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए। यह अभियान 17-18 जनवरी को चला, जिसमें डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की टीमें शामिल थीं।
HighLights
- बीजापुर में सुरक्षाबलों ने छह इनामी माओवादियों को मार गिराया।
- मुठभेड़ स्थल से एके-47 सहित भारी मात्रा में हथियार मिले।
- डीवीसीएम दिलीप बेड़जा समेत 27 लाख के इनामी ढेर हुए।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले के थाना भोपालपटनम- थाना फरसेगढ़ के जंगल पहाडों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के DVCM दिलीप बेड़जा एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी / कोबरा / एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया।
इस अभियान के दौरान 17 जनवरी 26 के सुबह से DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA एवं CRPF की सयुंक्त टीमों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग हुई। जो 18 जनवरी के शाम तक चली।
बीजापुर में सुरक्षाबलों ने छह इनामी माओवादियों को मार गिराया
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM पालो पोड़ियम, ACM लक्खी मड़कम, PM जुगलो बंजाम, PM राधा मेटटा का शव के साथ ऑटोमैटिक हथियार- AK47, 5.56 INSAS, .303 Rifle, Carbine सहित विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी सामग्री मौके से बरामद हुई है।
19 जनवरी 26 को बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ.जितेन्द्र यादव, उप महानिरीक्षक ऑप्स केरिपु बीजापुर सेक्टर बी.एस.नेगी, कमांडेंट कोबरा 202 अमित कुमार एवं अन्य STF/DRG/जिला पुलिस बल/CAPF अधिकारियों, द्वारा उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में संचालित अभियान एवं मुठभेड़ के सबंध में जानकारी प्रदान किये ।
मुठभेड़ में मारे गये माओवादियों के प्रारंभिक तौर पर शिनाख्त में निम्नलिखित माओवादी कैडरों के नाम सामने आये है। DVCM दिलीप बेंडजा, नेशनल पार्क एरिया कमेटी इंचार्ज ईनाम 8.00 लाख जिला बीजापुर के अलग-अलग थानों में DVCM दिलीप वेंड़जा के विरूद्ध कुल 135 अपराधिक मामले पंजीबद्ध है।
बड़ी घटना जिसमें शामिल रहा है ग्रुप
- वर्ष 2006 साल्हेपल्ली ग्रामीण की हत्या में शामिल
- वर्ष 2007 रानीबोदली कैम्प पर हमला में शामिल।
- वर्ष 2018 भोपालपटनम कांडलापर्ती मुठभेड़ में शामिल।
- वर्ष 2025 छोटेकाकलेर मुठभेड़ में शामिल।
- वर्ष 2025 अन्नापुर टेकामेटा मुठभेड़ में शामिल।
- वर्ष 2025 पील्लूर, टेकामेटा शिक्षादूत की हत्या में शामिल रहे।
अन्य माओवादियों के नाम
- ACM माड़वी कोसा, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 5.00 लाख,
- ACM पालो पोड़ियम, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 5.00 लाख,
- ACM लक्खी मड़कम नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 5.00 लाख,
- PM जुगलो बंजाम, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 2.00 लाख,
- PM राधा मेटटा, नेशनल पार्क एरिया कमेटी ईनाम 2.00 लाख।
मुठभेड़ मारे गये अन्य माओवादियों के विरूद्ध अलग-अलग थानों में कई मामले पंजीबद्ध है। मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री विवरण।
2 नग AK 47, 03 मैग्जीन, 32 राउण्ड
1 नग 5.56 INSAS, 2 मैग्जीन, 30 राउण्ड
2 नग .303 रायफल, 1 मैग्जीन, 20 राउण्ड
1 नग Carbine, 1 मैग्जीन, 1 नग -बीजीएल लांचर, बीजीएल सेल 8 नग
मुठभेड़ स्थल से एके-47 सहित भारी मात्रा में हथियार मिले
नगद राशि, स्केनर, वायरलेस सेट, मल्टीमीटर, देशी हेण्ड ग्रेनेड, कार्डेक्स वाययर, माओवादी साहित्य, पोच, पिटठू, माओवादी वर्दी, मेडिकल सामग्री एवं अन्य माओवादी सामग्री बस्तर रेंज में निरंतर एवं नियमित रूप से चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के संबंध में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि वामपंथी उग्रवाद के अंत के मिशन में बस्तर क्षेत्र ने हाल के समय में एक ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है।
सुरक्षा बलों द्वारा निरंतर, आसूचना-आधारित अभियानों तथा स्थानीय समुदायों के मजबूत सहयोग के चलते क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों से माओवादी प्रभाव को प्रभावी रूप से समाप्त कर दिया गया है। वर्तमान में माओवादी गतिविधियां केवल कुछ छोटे-छोटे समूहों तक ही सीमित रह गई हैं। जो अब पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुके हैं।
आईजीपी ने यह भी रेखांकित किया किहाल के समय में कई प माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी कर ली है और सरकार की पुनर्वास नीति के अंतर्गत सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उन्होंने DKSZC सदस्य पाप्पा राव तथा शेष बचे अन्य कैडरों से अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और शांति एवं विकास का मार्ग अपनाएं। अन्यथा, बस्तर में स्थायी शांति सुनिश्चित करने हेतु सुरक्षा बल कानून के अनुसार सख्त एवं निर्णायक कार्रवाई करने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।
163 माओवादी को मार गिराने में सुरक्षा बलों को मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि- वर्ष 2025 में जिले में हुए अलग-अलग मुठभेड़ों में 163 माओवादी को मार गिराने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है।
वर्ष 2026 में 8 माओवादी ढेर हुए है। इस प्रकार जनवरी 24 से अब तक जिले में चलाये गये माओवादी विरोधी अभियान में कुल 229 माओवादी मारे गये, 1126 माओवादी गिरफ्तार हुए एवं 876 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए।
अभियान के दौरान जवानों को दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं प्राकृतिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। 17 जनवरी 26 को अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में भालू के हमले से कोबरा 206 के प्रधान आरक्षक नीरज शर्मा एवं वनभैंसा के हमले में एसटीएफ के प्रधान आरक्षक/475 कृष्णा नेताम घायल हो गए।
घायल जवानों को त्वरित रूप से सुरक्षित तरीके से Evacuate कर उपचार हेतु हायर सेंटर भेजा गया है। वर्तमान में घायल जवानों की स्थिति स्थिर एवं खतरे से बाहर है।

