राजधानी समेत मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल तक भीषण गर्मी का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने खासकर मध्य क्षेत्र के जिलों में ग्रीष्म लहर को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।
गुरुवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। दिनभर लू जैसे हालात बने रहे और रात में भी उमस ने राहत नहीं दी
भीषण गर्मी के बीच दक्षिण बस्तर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नानगुर में 6 सेंटीमीटर, जबकि गादीरास, दरभा, जगदलपुर और सुकमा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि इन बौछारों का व्यापक असर तापमान पर नहीं दिखा।
राजधानी में शुक्रवार को आसमान साफ रहने और तेज धूप पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर में लू जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

