रानीखेत से दो अभावग्रस्त हॉकी खिलाड़ी, अनुज बिष्ट और हितेश सिंह मेहरा, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा का प्रतिनिधित्व करते हुए नॉर्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालयी चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। प्रशिक्षक दीपक सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में, इन ग्रामीण प्रतिभाओं ने प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। यह चयन रानीखेत में राष्ट्रीय खेल के नवजागरण का प्रतीक है, जो ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दे रहा है।

HighLights
- अभावग्रस्त मैदान से सीखकर नॉर्थ जोन चैंपियनशिप में चयन
- अनुज बिष्ट, हितेश मेहरा एसएसजे विवि अल्मोड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे
- प्रशिक्षक दीपक मेहरा ने ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशा
आल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट की मेजबान रानीखेत नगरी में राष्ट्रीय खेल का नवजागरण होने लगा है। एक अदद स्टेडियम के लिए तरस रही प्रतिभाएं अभावग्रस्त एनसीसी मैदान में हॉकी का हुनर सीख राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर कलात्मक चमक बिखेर रही हैं। पांच उदीयमान खिलाड़ियों का नेशनल स्कूल गेम्स में चयन के बाद अब दो खिलाड़ी नॉर्थ जोन की अंतर विश्वविद्यालयी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई हो गई हैं। खास बात कि हॉकी की स्टिक थाम नगर को उसका पुराना गौरव लौटाने में ग्रामीण प्रतिभाएं बड़ा योगदान दे रही हैं।
राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआइएस) से डिप्लोमा लेने के बाद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कैंप से हॉकी के गुर सीख कर महानगरों में करियर संवारने के बजाय पहाड़ लौट अर्जुन तराशने में जुटे प्रशिक्षक दीपक सिंह मेहरा के कैंप से दो और खिलाड़ियों ने मुकाम की ओर कदम बढ़ाए हैं। नगर के समीपवर्ती ऐरोड़ गांव निवासी महाविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र अनुज बिष्ट व हितेश सिंह मेहरा सोबन सिंह जीना अल्मोड़ा विवि की टीम से उत्तर भारत विश्वविद्यालयी चैंपियनशिप में खेलेंगे। अनुज के पिता बिशन सिंह बिष्ट राडवेज स्टेशन में दुकान चलाते हैं।


