कोरबा/पसान – 70 साल पुराने शासकीय स्कूल के रंगमंच को तोड़े जाने के 15 दिन बाद भी जिम्मेदारों पर कोई कार्यवाही नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश
पसान क्षेत्र में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित लगभग 70 वर्ष पुराना सांस्कृतिक रंगमंच तोड़े जाने के मामले में 15 दिन बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार व्यक्तियों पर न तो कोई प्रशासनिक कार्रवाई हुई है और न ही पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम उठाया गया है। इस मामले को लेकर ग्रामवासियों और स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों में गहरा आक्रोश है।

तहसीलदार पसान को दिए शिकायत में बताया गया है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिना किसी अनुमति के स्कूल परिसर का ऐतिहासिक मंच तोड़ा गया और उसके मलबे का अवैध रूप से उपयोग कर लिया गया। यह मामला सार्वजनिक संपत्ति संरक्षण अधिनियम 1984 एवं छत्तीसगढ़ सार्वजनिक राजस्व संहिता के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।

आवेदन में यह भी उल्लेख है कि घटना की सूचना स्कूल प्रबंधन द्वारा तत्काल पुलिस व प्रशासन को दी गई थी, लेकिन 15 दिनों बाद भी—
आरोपियों की पहचान नहीं हुई
न ही किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ हुई
न तोड़ने वाली जेसीबी मशीन को बरामद करने कोई कदम उठाया गया
ग्रामीणों का कहना है कि यह मंच वर्षों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, राष्ट्रीय पर्वों और स्कूल गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहा है। इसके टूटे रहने से बच्चों की गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के हौसले भी बढ़ रहे हैं।
लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि—
दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए
बरामदगी की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए
टूटे मंच का पुनर्निर्माण शीघ्र कराया जाए
प्रशासन की चुप्पी पर ग्रामीणों ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।