कोरबा/ कोरबी // जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत कोरबी बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय इन दिनों बदहाली और गंदगी को लेकर चर्चा में है। मुख्य चौक पर स्थित होने के बावजूद यहां साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है, मानो वर्षों से इसकी सुध ही नहीं ली गई हो। हैरानी की बात यह है कि इस मार्ग से जिला और तहसील स्तर के अधिकारियों का नियमित आना-जाना रहता है, फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

प्रतिदिन मनेंद्रगढ़, चिरिमिरी से बिलासपुर, कोरबा और वापसी मार्ग पर चलने वाली लगभग एक दर्जन बसें कोरबी बस स्टैंड पर रुकती हैं। बस से उतरने वाले यात्री जब सुलभ शौचालय की स्थिति देखते हैं तो नाक-भौं सिकोड़ते हुए वापस लौट जाते हैं। मजबूरी में महिलाएं और पुरुष बस स्टैंड के आसपास स्थित दुकानों या होटलों के पीछे जाने को विवश हो रहे हैं, जिससे असुविधा और असुरक्षा दोनों बढ़ रही है।
रविवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान यहां सैकड़ों ग्रामीणों की आवाजाही होती है, लेकिन शौचालय की दुर्दशा के कारण सभी को परेशानी उठानी पड़ती है। आसपास होटल, दुकान और प्रतीक्षालय होने से दुर्गंध का असर व्यापक रूप से महसूस किया जा रहा है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
इस संबंध में कोरबी सरपंच राजूराम मराबी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। वहीं ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देते हैं और क्या इस सुलभ शौचालय की स्थिति में सुधार हो पाता है।
यह भी पढ़े 👇👇
https://cgcitynews.com/uproar-over-the-death-of-female-bear-and-cubs-in-korba-electricity-employees-union-surrounded-the-fores
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
कोरबा में रूंगटा माइंस के खिलाफ आंदोलन तेज, ग्रामीणों ने SECL का सामान लेने से किया इंकार

