कोरबा।/ पसान //Korba Board Exam ::छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा के दौरान कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के एक स्कूल में प्राचार्य की संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मामला सामने आया है। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच रिपोर्ट भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
मिली जानकारी के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के प्राचार्य श्री ललित कुमार चंद्रा के खिलाफ यह रिपोर्ट तैयार की गई है। उड़नदस्ता टीम द्वारा 27 फरवरी 2026 और 2 मार्च 2026 को परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान 27 फरवरी को कक्षा 12वीं के जीव विज्ञान विषय की परीक्षा के समय प्राचार्य ललित कुमार चंद्रा को परीक्षा कक्षों में घूमते हुए पाया गया। जबकि उस समय उनकी ड्यूटी परीक्षा कार्य में नहीं लगी थी। इस पर उड़नदस्ता टीम ने उन्हें समझाइश देते हुए परीक्षा अवधि में विद्यालय में उपस्थित नहीं रहने की हिदायत दी थी।
इसके बाद 2 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं के गणित विषय की परीक्षा के दौरान भी प्राचार्य को फिर से परीक्षा कक्षों में घूमते हुए देखा गया। जबकि उसी दिन उनकी बहु भी कक्षा 12वीं की परीक्षा में शामिल थी। इस कारण परीक्षा के दौरान उनकी उपस्थिति को संदेहास्पद माना गया।
उड़नदस्ता टीम और केंद्राध्यक्ष द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद उनके द्वारा परीक्षा कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने की बात भी रिपोर्ट में उल्लेखित की गई है। अधिकारियों के अनुसार यह कृत्य शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता को दर्शाता है, जो कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर प्राचार्य के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।
यह खबर भी पढ़े 👇👇
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
Balrampur News :: पिटाई से एक ग्रामीण की मौत, मारपीट के आरोप मे SDM समेत चार लोग हिरासत मे


