आमाडांड /24/01/26/cgcitynews// ग्राम पंचायत आमाडांड में पुलिस प्रशासन द्वारा चलित थाना कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों को साइबर ठगी एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना रहा
ग्रामीण अंचलों में पुलिस की पहुंच मजबूत करने और आमजन को अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत आमाडांड (सरपंच पारा) में ‘चलित थाना’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें साइबर अपराध, यातायात नियमों व डिजिटल पुलिसिंग की जानकारी दी।
साइबर क्राइम की यह खबर भी पढ़े 👇
https://cgcitynews.com/girl-trapped-by-shaadi-com-received-threat-of-cheating-of-rs-30-lakh/
कार्यक्रम में उपस्थित खड़गवां थाना पुलिस स्टाफ ने बढ़ते साइबर फ्रॉड पर चिंता व्यक्त करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की। पुलिस ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी साझा न करें, लालच भरे फोन कॉल व फर्जी लिंक से दूर रहें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। इस अवसर पर थाना प्रभारी खड़गवां ने सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने हेलमेट पहनने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों के महत्व को समझाया साथ ही ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को पुलिस द्वारा सम्मानित व प्रोत्साहित किया जाता है,
जिससे अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके। कार्यक्रम में पुलिस टीम द्वारा ‘सिटीजन सेंटिनल ऐप’ का डेमो देकर ग्रामीणों को बताया गया कि किस प्रकार वे इस ऐप के माध्यम से अपराधों की सूचना सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं और सजग नागरिक बनकर पुलिस की आंख और कान बन सकते हैं। थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने कहा हमारा उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। चलित थाने के माध्यम से हम सीधे जनता तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बना रहे हैं। कार्यक्रम में थाना प्रभारी खड़गवां सुनील तिवारी, अधीनस्थ पुलिसकर्मी, ग्राम पंचायत आमाडांड के सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में जागरूक ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

