मनेन्द्रगढ़/नागपुर। 10/02/26//छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले में आज खुशियों का माहौल उस वक्त मातम और चीख-पुकार में बदल गया, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शादी रचाने जा रहे दर्जनों जोड़ों से भरी एक बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जनकपुर से रतनपुर जा रही ‘दुर्गा बस’ नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में बस में सवार 54 जोड़े घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
0 रफ्तार का कहर: अनियंत्रित होकर खाई में जा घुसी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार अत्यधिक तेज थी। पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे एक गहरी खाई जैसे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के भीतर सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े।
0 मानवता शर्मसार: तड़पते छोड़ भागे चालक-कंडक्टर
एक तरफ ग्रामीण और पुलिस घायलों की मदद करने में जुटे थे, वहीं दूसरी तरफ हादसे के जिम्मेदार बस चालक और कंडक्टर मानवता को शर्मसार करते हुए मौके से फरार हो गए। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने या उनकी मदद करने की ज़हमत तक नहीं उठाई।
0 प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
सरकारी योजना के तहत आयोजित इतने बड़े कार्यक्रम के लिए लगाई गई बसों की सुरक्षा और फिटनेस पर अब सवालिया निशान लग रहे हैं।
* क्या बस की रफ्तार पर नियंत्रण रखने के लिए कोई दिशा-निर्देश दिए गए थे?
* यात्रियों की जान जोखिम में डालकर बस इतनी तेज क्यों चल रही थी?
* क्या सामूहिक विवाह के लिए भेजी गई बस में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था?
0 पुलिस ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलते ही पोड़ी पुलिस और नागपुर चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सभी घायलों को नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को उच्च केंद्रों के लिए रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और कंडक्टर की तलाश तेज कर दी है।
खास बात: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत ये सभी जोड़े अपने नए जीवन का सपना लेकर निकले थे, लेकिन एक लापरवाह ड्राइवर की वजह से वे शादी के मंडप की जगह अस्पताल के बेड पर पहुंच गए।
YouTube 👇👇
https://youtube.com/@cgcitynews.24kviws?si=2-HgXB_3QCltxnQl
>
मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत कोरबा में 260 बेटियों के हाथ होंगे पीले

