कोंडागांव शहर के T-शेप बायपास जंक्शन पर भारी वाहनों की आवाजाही शुरू होते ही पहला बड़ा हादसा सामने आया है। आज नारंगी नदी पुलिया के पास स्थित T-शेप जंक्शन में ट्रक और साइकिल की टक्कर में 55 वर्षीय जगतूराम यादव, निवासी मसोरा, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा 17 तारीख से कोंडागांव बायपास मार्ग पर भारी वाहनों को सुचारू रूप से डायवर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। विशेषज्ञों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि बायपास को Y-शेप के बजाय T-शेप में बनाए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। उनका कहना था कि इस प्रकार के जंक्शन पर वाहनों की सीधी टक्कर का खतरा अधिक रहता है, जिससे भविष्य में जानमाल की हानि हो सकती है।
आज हुई दुर्घटना ने इन आशंकाओं को सही साबित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार तेज थी और जंक्शन पर उचित संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था का अभाव दिखा। साइकिल सवार जगतूराम यादव ट्रक से टकरा गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक समेत वाहन को थाने में खड़ा कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक व्यवस्था और जंक्शन की डिजाइन को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जंक्शन पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

