कोरबा। विधानसभा क्षेत्र कोरबा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी लखन लाल देवांगन ने कहा है कि अब कोरबा की जनता बदलाव चाहती है और इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाएगी।
मुड़ापार वार्ड के दौरे में पहुंचे भाजपा प्रत्याशी को लोगों ने बताया कि बायपास सड़क पर 24 घंटे भारी वाहनों के आवागमन से परेशानी हो रही है। इस पर लखनलाल देवांगन ने कहा कि जयसिंह अग्रवाल ने राजस्व मंत्री की शपथ लेने के बाद बड़े-बड़े दावे किए थे। उनका दावा था कि शहर के बीच से भारी वाहन पूरी तरह से हट जाएंगे। शहर के भीतर के चारों बायपास पर लोगों को भारी वाहन से निजात मिल जाएगी। पांच साल गुजर गए। एक भी बायपास के किनारे रहने वाले लोगों को परेशानी से निजात नहीं मिली। लखन ने कहा कि इस वजह से आए दिन शहर के भीतर हादसे हो रहे हैं। बायपास के दोनों ओर रहने वाले लोग धूल से बेहाल हैं। व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतने साल में राजस्व मंत्री ने भारी वाहनों से निजात दिलाने का कोई प्रयास नहीं किया है। कभी जनता से पांच साल में पूछने भी नहीं आए कि उन्हें क्या परेशानी है?

