Korba news //पसान लोनर हाथी उत्पात एक बार फिर से ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से एक अकेला (लोनर) हाथी लगातार गांवों के आसपास घूमते हुए खेतों में घुसकर फसलें नुकसान पहुंचा रहा है। हाथी की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार हाथी जंगल से निकलकर रिहायशी इलाकों में आ जा रहा है। खेतों में लगी धान और सब्जियों की फसल को रौंदते हुए हाथी कई एकड़ की क्षति पहुंचा चुका है। ग्रामीण रातभर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, लेकिन हाथी के सामने बेबस नजर आ रहे हैं।
लोनर हाथी के कारण क्षेत्र के ग्रामीण खासे परेशान हैं। महिलाएं व बच्चे रात के समय घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों द्वारा मामले की सूचना वन विभाग को दी जा चुकी है। वन अमला मौके पर निगरानी रख रहा है, वहीं हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी को देखकर उसके करीब न जाएं और किसी भी स्थिति में उकसाने या पीछा करने का प्रयास न करें।
वन विभाग द्वारा मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने व समूह में ही बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है। रात में आग जलाकर व टॉर्च की व्यवस्था करने को भी कहा गया है, ताकि हाथी को दूर रखा जा सके।
ग्रामीणों की मांग है कि हाथी से स्थायी समाधान के लिए वन विभाग द्वारा रेस्क्यू टीम व विशेषज्ञ दल भेजा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

